Date: 25/06/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

प्रिंस खान गैंग की बड़ी साजिश नाकाम, दो पिस्टल और 33 जिंदा कारतूस के साथ एक गिरफ्तार

6/25/2026 4:16:36 PM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह की एक बड़ी आपराधिक साजिश को विफल करते हुए भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रेलवे टेंडरों में रंगदारी वसूली की योजना के तहत हथियार जमा कर रहा था। समाहरणालय स्थित ग्रामीण एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि 24 जून 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर चिरकुंडा थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। सूचना मिली थी कि निरसा थाना क्षेत्र के वृंदावनपुर निवासी मो. रिजवान सिद्दीकी अवैध हथियार और कारतूस जमा कर रहा है तथा किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के सत्यापन के बाद गठित पुलिस टीम ने संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान मौके से दो अवैध देसी पिस्टल, दोनों के मैगजीन तथा 33 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साथ ही हथियारों की खरीद-बिक्री और पैसों के लेन-देन से संबंधित बातचीत वाला एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि जेल में बंद प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय सदस्य अफजल अमन के निर्देश पर अधिक से अधिक हथियार और गोलियां जमा की जा रही थीं। गिरोह की योजना धनबाद में रेलवे टेंडर निकालने वाले ठेकेदारों को प्रिंस खान के नाम पर डराकर रंगदारी वसूलने की थी।
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए दीपक कुमार की रिपोर्ट