Date: 25/06/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

तिलक समारोह में हुई फायरिंग बनी मौत का कारण, 10 वर्षीय बच्चे की गोली लगने से मौत

6/25/2026 4:16:36 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र में एक तिलक समारोह के दौरान हुई फायरिंग में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। यह घटना सुजातपुर गांव में नाच गाने के कार्यक्रम के दौरान हुई, जिससे खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान सुजातपुर गांव निवासी विपिन यादव के पुत्र रोशन कुमार के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के कृष्ण यादव के बेटे का तिलक समारोह था, जिसमें रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाच गाने का आयोजन किया गया था। रोशन अन्य बच्चों के साथ स्टेज के पास बैठकर कार्यक्रम देख रहा था। इसी दौरान निकी उर्फ रविशंकर कुमार नामक युवक हाथ में पिस्तौल (कट्टा) लेकर स्टेज पर चढ़ गया। चश्मदीदों ने बताया कि आरोपी ने पहले हवा में फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। जब वह दोबारा पिस्तौल को लोड करने या खींचने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे सामने खड़े रोशन के सिर में लग गईं। खून से लथपथ रोशन को परिजन और ग्रामीण तुरंत घोसी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर से शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना की सूचना मिलते ही घोसी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। घोसी थाना प्रभारी शैलेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आरोपी की गिरफ्तारी तथा हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट