Date: 02/08/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

झाड़फूंक के नाम पर ठगी का भंडाफोड़, ठगी किया गया आभूषण सहित टीम हुए गिरफ्तार 

8/1/2026 6:55:20 PM IST

10
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

बाघमारा : बाघमारा के बरोरा थाना क्षेत्र में झाड़फूंक के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। बरोरा थाना क्षेत्र के हरिणा कॉलोनी निवासी के घर 28 जुलाई को तीन लोग साधु के वेश में पहुंचे। उन्होंने घर के कष्ट-क्लेश दूर करने का दावा करते हुए गृहस्वामी की पत्नी को अपने झांसे में ले लिया। आरोपियों ने महिला से कहा कि वह अपना कोई सोने का आभूषण उनके हाथ में रखकर झाड़फूंक करवाएं। झाड़फूंक के दौरान उन्होंने महिला के हाथ में कुछ अन्य सामग्री भी दी और कहा कि 25 कदम पीछे चली जाएं, जिससे उनका कष्ट दूर हो जाएगा। महिला के 25 कदम पीछे जाते ही तीनों आरोपी सोने का आभूषण लेकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी साधु के वेश में घूमने वाले बंजारा समुदाय के सदस्य हैं, जो इस तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। घटना की सूचना मिलते ही बरोरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी किया गया सोने का आभूषण भी बरामद कर लिया। पूरे मामले की जानकारी बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार विमल ने प्रेस वार्ता के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि अग्रिम कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

 

बाघमारा से कोयलांचल लाइव से काशी नाथ की रिपोर्ट