Date: 28/10/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सदर अस्पताल में मरीज के परिजन ने होमगार्ड जवान पर पिटाई का करने का लगाया आरोप, घायल का SNMMCH में चल रहा इलाज

10/28/2026 12:44:25 PM IST

6
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान पर नशे की हालत में मरीज के परिजन के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना में रांगाटांड़ निवासी संतोष विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल संतोष का इलाज शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में चल रहा है। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात जवानों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। घायल संतोष विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी की डिलीवरी के लिए डॉक्टर ने 27 अक्टूबर की तारीख दी थी। इसी सिलसिले में वह अपनी पत्नी को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे थे। देर रात होने के कारण वह पत्नी की देखभाल के लिए अस्पताल में ही रुके हुए थे। उनके अनुसार, अस्पताल में अन्य मरीजों के पुरुष परिजन भी मौजूद थे। इसी दौरान रात्रि ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान ने कथित तौर पर नशे की हालत में उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। संतोष का आरोप है कि जवान की पिटाई से उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद उन्होंने पुलिस के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई। घायल संतोष विश्वकर्मा फिलहाल SNMMCH में इलाज करा रहे हैं। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि शिकायत के आधार पर पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं। हालांकि, घटना को लेकर संबंधित होमगार्ड जवान का पक्ष और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क |